Crime

भुवनेश्वर में हादसे के बाद खुला अपराधियों का राज, हथियारों से लैस पांच बदमाशों में से चार गिरफ्तार

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में एक सड़क हादसे के बाद पुलिस के सामने चौंकाने वाला मामला आया। मलिपड़ा-पाइकरायपुर मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही काली थार अनियंत्रित होकर मेला मैदान की चारदीवारी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद गाड़ी में सवार पांच लोग बाहर निकले। तलाशी के दौरान उनके पास से कई धारदार हथियार मिलने पर पुलिस भी सतर्क हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार मलिपड़ा से पाइकरापुर की तरफ जा रही थी। मेला मैदान के नजदीक पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे चारदीवारी से जा भिड़ी। टक्कर के कारण वाहन के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद उसमें सवार लोगों ने बाहर निकलकर हंगामा भी किया।

घटना की सूचना मिलने पर चंदका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पांचवां आरोपी मौके से फरार हो गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मलिपड़ा निवासी रंजीत हरिचंदन उर्फ केशु, पाइकरापुर निवासी सत्यजीत राउतराय उर्फ डिडु और मनोज भोई तथा सुंदरपड़ा के ओरकल गांव निवासी राजीव बड़जेना के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान सत्यब्रत नायक उर्फ रिंकुआ के तौर पर की गई है।

डकैती की योजना बनाने का संदेह

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार की तलाशी ली तो उसमें बंगाली कटारी, भुजाली, कुल्हाड़ी और दोहरे ब्लेड वाली कुल्हाड़ी समेत कई धारदार हथियार मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी इन हथियारों के साथ किसी डकैती की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चंदका थाने में पहले से बमबाजी और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह की योजना क्या थी तथा किसी अन्य वारदात में इनकी संलिप्तता तो नहीं है।