Entertainment

‘ये प्रेम मोल लिया’ को मिला यू/ए सर्टिफिकेट, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

बॉलीवुड में पारिवारिक मनोरंजन और रोमांस के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक सूरज बड़जात्या एक बार फिर अपनी खास अंदाज की कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी की फ्रेश जोड़ी पहली बार पर्दे पर साथ दिखाई देगी। फिल्म के ट्रेलर को लेकर पहले ही चर्चा हो चुकी है और अब इसकी रिलीज से पहले सेंसर सर्टिफिकेट और कुल अवधि का खुलासा हुआ है। खास बात यह है कि इस बार सूरज बड़जात्या की फिल्म को ऐसा प्रमाणपत्र मिला है, जो उनके पुराने रिकॉर्ड से थोड़ा अलग है।

फिल्म को मिला यू/ए सर्टिफिकेट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने ‘ये प्रेम मोल लिया’ को यू/ए सर्टिफिकेट दिया है। आमतौर पर सूरज बड़जात्या की फिल्मों को यू प्रमाणपत्र मिलता रहा है, इसलिए इस बार यू/ए सर्टिफिकेट मिलना चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ को भी यू/ए सर्टिफिकेट दिया गया था। इस फिल्म में ऋतिक रोशन, करीना कपूर खान और अभिषेक बच्चन मुख्य भूमिकाओं में थे।

फिल्म की अवधि की बात करें तो इसका रनटाइम 2 घंटे 53 मिनट बताया जा रहा है। इस अवधि के साथ यह सूरज बड़जात्या के निर्देशन करियर की तीसरी सबसे लंबी फिल्म बन गई है। उनकी सबसे लंबी फिल्मों में ‘हम आपके हैं कौन’ पहले स्थान पर है, जिसकी अवधि 3 घंटे 13 मिनट थी। वहीं, ‘मैंने प्यार किया’ 3 घंटे 4 मिनट के रनटाइम के साथ दूसरे नंबर पर है।

पूरी हो चुकी है फिल्म की शूटिंग
‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया था। इसे दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। वहीं, फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद आयुष्मान खुराना ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कर पूरी टीम के प्रति आभार जताया था। उन्होंने निर्देशक सूरज बड़जात्या, राजश्री प्रोडक्शंस, महावीर जैन और फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों व सदस्यों का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने फिल्म को दर्शकों और उनके परिवारों तक पहुंचाने को लेकर उत्साह भी जाहिर किया।

इस फिल्म में संगीत भी खास आकर्षण रहने वाला है। इसे हिमेश रेशमिया का म्यूजिकल प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी के अलावा सौम्या टंडन, सीमा पाहवा और स्वानंद किरकिरे भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।

‘गनमास्टर G9’ से होगा बॉक्स ऑफिस मुकाबला
‘ये प्रेम मोल लिया’ के लिए 27 नवंबर 2026 की रिलीज डेट तय की गई है। हालांकि, इसी दिन सिनेमाघरों में इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की फिल्म ‘गनमास्टर G9’ भी रिलीज होने जा रही है। आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक्शन और रोमांस का मिश्रण होगी।

‘गनमास्टर G9’ का निर्माण दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर ने किया है, जबकि सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड इसे प्रस्तुत कर रही है। ऐसे में नवंबर के आखिरी सप्ताह में बॉक्स ऑफिस पर दो अलग-अलग शैलियों की फिल्मों के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिल सकती है। अब देखना होगा कि दर्शकों का ज्यादा प्यार आयुष्मान-शरवरी की रोमांटिक कहानी को मिलता है या इमरान-जेनेलिया की एक्शन-रोमांस फिल्म बाजी मारती है।