Crime

हाथरस में वायुसेना के जवान के घर लाखों की चोरी, सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर

हाथरस। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव मीतई में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां भारतीय वायुसेना में तैनात जवान हेमंत कुमार के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना छह नवंबर की बताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।

हेमंत कुमार ने चंदपा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वायुसेना में नौकरी के कारण उन्हें अक्सर ड्यूटी पर घर से बाहर रहना पड़ता है। इसी दौरान चोरों ने उनके गांव स्थित मकान में घुसकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में करीब 250 ग्राम वजन की सात जोड़ी चांदी की पायल, नौ जोड़ी चांदी की बिछिया, चार सोने की लंबी नथ, करीब 30 ग्राम का सोने का लॉकेट और चेन, लगभग 20 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां और छह हजार रुपये नकद शामिल हैं।

जवान ने बताया कि इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच करने, साक्ष्य जुटाने और चोरी गए आभूषणों व नकदी को बरामद करने की मांग की है।

घटना के बाद गांव के लोगों में भी चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं, पुलिस के अनुसार शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।a