Crime

समस्तीपुर में खेत से मिला युवती का अर्धनग्न शव, इलाके में मचा हड़कंप

कल्याणपुर । बिहार के समस्तीपुर जिले में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव में एक खेत से युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अल सुबह स्थानीय लोगों ने खेत में युवती का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर युवती के बारे में जानकारी जुटा रही है।

शव की स्थिति को देखते हुए युवती के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। दुष्कर्म की वास्तविकता और मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही युवती की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद मूसेपुर गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।