बल्लभगढ़ में मां की हत्या का खुलासा, बड़े बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बल्लभगढ़ – हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित गांव मच्छगर में 16 मार्च को हुई मां की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मृतका के बड़े बेटे ललित को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब आरोपी बेटे को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि मृतका ओमवती अपनी संपत्ति छोटे बेटे अमित को देना चाहती थीं। इसी विवाद के चलते बड़े बेटे ललित ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार होकर रोहतक में छिपा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे आईएमटी चौक के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
