गाजियाबाद में एटीएम कैश के 77.28 लाख रुपये के गबन का आरोप, मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद। एटीएम में नकदी डालने और उनके रखरखाव का काम करने वाली कंपनी की रकम में 77.28 लाख रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है। हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में फ्रेंचाइजी संचालक गौरव वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया है कि कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत देने के बावजूद जब मामला दर्ज नहीं हुआ, तो प्रतिनिधि ने न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी में सहायक प्रबंधक घनश्याम ने न्यायालय में दी गई शिकायत में बताया कि हिताची पेमेंट सर्विसेज विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी पहुंचाने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी संभालती है। इस काम के लिए कंपनी अलग-अलग शहरों में फ्रेंचाइजी संचालकों के साथ समझौता करती है।
शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद में एटीएम में नकदी डालने और रखरखाव का काम सेवानगर निवासी गौरव वर्मा की जीडी सर्विसेज फ्रेंचाइजी को सौंपा गया था। आरोप है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर से 18 जनवरी के बीच शहर के 31 एटीएम में नकदी डालने के लिए फ्रेंचाइजी संचालक के खाते में 57.60 करोड़ रुपये भेजे गए थे।
कंपनी का आरोप है कि इस रकम में से 77.28 लाख रुपये का हिसाब नहीं दिया गया। संबंधित संचालक से कई बार संपर्क कर धनराशि का विवरण मांगा गया, लेकिन कंपनी को संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बकाया रकम कंपनी को वापस नहीं की गई।
मामले में कंपनी की ओर से 8 जुलाई से पुलिस के पास कई बार शिकायत दी गई, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने पर प्रतिनिधि ने न्यायालय में गुहार लगाई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर नंदग्राम थाने में मामला दर्ज किया गया।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, न्यायालय के आदेश के बाद गौरव वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

