विराट कोहली ने इंग्लैंड दौरे से पहले संन्यास लेने की घोषणा,इंस्टाग्राम पर लिखा भावुक पोस्ट
कुछ ही समय पहले रिपोर्ट्स आईं थी कि विराट कोहली इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना चुके हैं। तब कुछ दिग्गज क्रिकेटरों ने उन्हें इंग्लैंड सीरीज तक खेल जारी रखने की अपील की थी।
विराट कोहली का वायरल पोस्ट
कोहली ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, ‘टेस्ट क्रिकेट में बैगी ब्ल्यू पहली बार पहने 14 साल हो गए हैं। ईमानदारी से मैंने कभी ऐसी यात्रा की कल्पना नहीं की थी कि यह प्रारूप मुझे कहां ले जाएगा। इसने मेरा परीक्षण किया, आकार दिया और मुझे सबक सिखाए, जिसे मैं जिंदगीभर लेकर चलूंगा।’उन्होंने आगे लिखा, ‘सफेद कपड़ो में खेलना बहुत ही निजी अनुभव होता है। शांत वातावरण, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। जैसे ही मैं इस प्रारूप से दूर होता हूं, यह आसान नहीं है – लेकिन यह सही लगता है।’
कोहली ने लिखा, ‘मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है, और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है। मैं दिल से आभार के साथ जा रहा हूं – खेल के लिए, उन लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया, और हर एक व्यक्ति के लिए जिसने मुझे इस दौरान देखा।
मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए देखूंगा। 269 साइनिंग ऑफ।
विराट का टेस्ट करियर
याद दिला दें कि विराट कोहली ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल प्रारूप से संन्यास लिया था। अब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से विदाई ली। बहरहाल, कोहली वनडे प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। कोहली के टेस्ट आंकड़े शानदार हैं।’किंग कोहली’ ने 123 टेस्ट की 210 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 9230 रन बनाए। उनकी औसत 46.85 की रही। कोहली ने इस दौरान 30 शतक और 31 अर्धशतक जमाए। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।
