आज पीएम मोदी, मल्लिकार्जुन खरगे और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां
नई दिल्ली। पांचवें चरण के मतदान के बाद छठे चरण का पारा चढ़ने लगा है। मंगलवार यानी आज दिनभर चुनावी सरगर्मियां तेज रहेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार और उत्तर प्रदेश में चार कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। हरियाणा के यमुनानगर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हरियाणा और दिल्ली में तीन रोड शो और एक जनसभा करेंगे। ओडिशा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चार जनसभाएं हैं।
आज इन जगहों पर पीएम मोदी की रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11 बजे बिहार के पूर्वी चंपारण में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे बिहार के ही महाराजगंज में पीएम की दूसरी जनसभा है। 3 बजकर 45 मिनट में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और वाराणसी में शाम साढ़े पांच बजे नारी शक्ति संवाद कार्यक्रम है।
हरियाणा आएंगे भाजपा अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज यानी मंगलवार को चार चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सबसे पहले रोहतक में पावर हाउस, स्वामी विवेकानंद कॉम्प्लेक्स के पास से डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक तक रोड शो करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:25 बजे जींद के पंजाबी धर्मशाला से टाउन हॉल तक रोड शो करेंगे।
दिल्ली में जेपी नड्डा की जनसभा
जेपी नड्डा शाम छह बजे दक्षिण दिल्ली में जाट चौपाल चौक से पालम रेलवे स्टेशन तक रोड शो करेंगे। इसके बाद रात आठ बजे चांदनी चौक में जनसभा को संबोधित करेंगे।
यमुनानगर में खरगे की रैली
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार यानी आज यमुनानगर में जनसभा करेंगे। रैली का आयोजन जगाधरी अनाज मंडी में होगा। अंबाला लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी वरूण मुलाना मैदान में हैं। रैली में नौ विधानसभा के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
ओडिशा में अमित शाह की चार जनसभा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा में चार जनसभाओं कों संबोधित करेंगे। सबसे पहले संबलपुर इसके बाद केंदुझर में जनसभा करेंगे। दो बजकर 15 मिनट पर ढेंकानाल और शाम चार बजे पुरी लोकसभा क्षेत्र के नयागढ़ में रैली करेंगे।
