प्रदेश के इन 22 जिलों में होगी मूसलाधार बारिश! फिरोजाबाद में 8वीं तक के स्कूल बंद
कानपुर, आगरा, लखनऊ, बरेली, वाराणसी, मेरठ सहित प्रदेश के साठ से अधिक जिलों में बारिश के बाद मौसम खुशनुमा है। कई जिलों में सुबह से बादल छाये हैं तो कहीं तेज और हल्की बारिश लोगों को राहत दे रही है। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन तक तेज आंधी पानी के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। फिरोजाबाद में कल से हो रही वर्षा के कारण आठवीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। बीएसए ने इसका आदेश जारी कर दिया है।
बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्व हवाओं से सक्रिय है मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की सी मध्य बरसात और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इसके बाद मानसून पूर्व की ओर सक्रिय होगा। आंचलिक आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून की वर्तमान की स्थिति प्रदेश से गुजर कर अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्व हवाओं से सक्रिय है।
इसके चलते गुरुवार को प्रदेश की अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिम, मध्य और तराई बेल्ट से जुड़े जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। शुक्रवार के बाद यह बारिश धीरे-धीरे पूर्वी राज्यों की ओर सक्रिय होगी।
इन जिलों के लिए चेतावनी जारी
गुरुवार को देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर के आसपास के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर के आसपास के इलाकों में माध्यम से भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के इन 40 जिलों में यलो अलर्ट
लखनऊ समेत लगभग 40 जिलों में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्य बरसात की संभावना जताई गई है। अलर्ट के तहत बिजली, पानी और स्थानीय व्यवधानों के लिए सावधानी बरतनी की आवश्यकता है। वहीं, येलो अलर्ट के तहत अस्थाई नुकसान के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। इन जिलों में हुई इतनी बारिश बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
सबसे अधिक बारिश सोनभद्र में
61.8 मिलीमीटर समेत आगरा में 55, मुजफ्फरनगर में 51.5, अलीगढ़ में 37.8, बरेली में 31.9, मुरादाबाद में 23.02, मेरठ में 26.5, फुरसतगंज में 15.4, बलिया में 12, कानपुर में 25.4, हरदोई में 23 मिलीमीटर बारिश समेत गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, बाराबंकी समेत अन्य जगहों पर भी बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश से तापमान में चार से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
यूपी की सबसे गर्म और सबसे ठंडी जगह
अधिकतम तापमान की बात की जाए तो प्रदेश का सर्वाधिक तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस से कम पर दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान फुरसतगंज में 34.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम तापमान बरेली में 21.9 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई बल से जुड़े कई जिलों में भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ और आसपास के जिलों में भी गरज और चमक के साथ हल्की से मध्य बरसात दर्ज हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हो सकता है।
