सोने के भाव में आई भारी गिरावट, चांदी के भी गिरे दाम
नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट जारी रही। यह 170 रुपये गिरकर 78,130 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। 24 कैरेट गोल्ड गुरुवार को 78,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। जौहरियों और स्टॉकिस्टों का गोल्ड को लेकर नजरिया सुस्त रहा, जिसके चलते सोने के भाव में यह नरमी आई है।
वहीं, चांदी की कीमत भी 1,850 रुपये गिरकर 88,150 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2 हजार रुपये सस्ती होकर 90,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। व्यापारियों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से चांदी की ज्यादा डिमांड नहीं दिखी। इसके चलते चांदी की कीमतों में गिरावट आई है।
क्या है एक्सपर्ट की राय
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एंड करेंसी के वीपी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा, “सोने को लेकर आज ट्रेडर्स ने कोई खास जोश नहीं दिखाया। ब्याज दर को लेकर अनिश्चितता के बीच व्यापारी बड़ा रिस्क लेने से बच रहे हैं। हालांकि, फेड ने दरों को कम रखने का फैसला किया है, लेकिन उसके अनुमानों से आगे कम दरों में कटौती का संकेत मिला है। इससे पिछले दो दिनों से सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।”
