National

भाजपा पर बरसीं सोनिया गांधी, कहा “लोकतंत्र खतरे में, संविधान बदलने की रची जा रही साजिश”

 जयपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज कांग्रेस जयपुर में महारैली कर रही है। रैली में कांग्रेस के तमाम आला नेता पहुंचे हैं। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। सोनिया ने कहा कि भाजपा ने बीते 10 सालों के राज में कोई काम नहीं किया, केवल भेदभाव और अत्याचार को बढ़ावा दिया है।

10 सालों से कुछ नहीं कर रही भाजपा

सोनिया ने आगे कहा कि हर जगह अन्याय का अंधेरा है। हम सभी को न्याय की रोशनी की तलाश में इसके खिलाफ लड़ना चाहिए। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों से हमारे देश में ऐसी सरकार का नेतृत्व रहा है जिसने बेरोजगारी, महंगाई, भेदभाव और अत्याचार को बढ़ावा दिया। मोदी सरकार ने जो किया वह हम सबके सामने है।

विपक्ष के नेताओं को धमकाने की हो रही कोशिश

सोनिया ने कहा कि पीएम मोदी देश और देश के लोकतंत्र को नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने की राजनीति हो रही है और उन्हें बीजेपी में शामिल होने के लिए मजबूर करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

प्रियंका बोलीं- गरीबों की नहीं सुनती सरकार

दूसरी ओर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है और हर राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों की बात सुनने वाला कोई नहीं हैं।

लोगों को ईवीएम पर भी भरोसा नहीं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे कहा कि लोग जो वोट डालने जा रहे हैं, वह देश के लोकतंत्र को बचाएगा। आप सोच रहे होंगे कि हमारा लोकतंत्र खतरे में कैसे है, ऐसा इसलिए है क्योंकि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो बड़ी-बड़ी संस्थाएं बनाई गई हैं कमजोर किया जा रहा है। प्रियंका ने कहा कि सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और आज स्थिति यह है कि लोगों को ईवीएम पर भी भरोसा नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *