दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता को चुना गया, आज रामलीला मैदान में CM पद की शपथ लेंगी
नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता आज (20 फरवरी) को दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगी। मुख्यमंत्री के साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से आप उम्मीदवार बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की है।
8 मार्च से महिलाओं को मिलेंगे 2500 रुपये
दिल्ली की महिलाओं को आठ मार्च से 2500 रुपये मिलेंगे। भाजपा ने चुनाव से पहले वादा किया था कि हम सरकार बनने के बाद दिल्ली की महिलाओं को प्रति महीने 2500 रुपये देंगे। अब भाजपा ने कहा कि हम अपने वादे को पूरा करेंगे।
पिछले 27 सालों में ऐसा पहली बार हो रहा
दिल्ली के जिस रामलीला मैदान में पिछले 27 सालों से भाजपा के कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन के लिए आते थे, आज शपथ ग्रहण के साक्षी बने हैं।
प्रवेश वर्मा बोले- दिल्ली को बनाएंगे दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी
शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमें इतना प्यार और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि आज 27 साल बाद राजधानी में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। प्रवेश वर्मा ने कहा दिल्ली के लोगों को विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली को दुनिया की सबसे सुंदर राजधानी बनाने में सफल होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं कि उनकी मेहनत रंग लाई है।
ऑटो-टैक्सी, कुली वर्ग से लोगों बुलाया
राजेंद्र सोनी ने कहा कि हम लोगों को भाजपा द्वारा आमंत्रित किया गया है। हम ऑटो, टैक्सी ड्राइवर संघ से हैं, हम बेहद खुश हैं, क्योंकि भाजपा ने हमारी दशकों की मांग कल्याण बोर्ड बनाने की मांग को संकल्पित किया है। ऑटो टैक्सी, कुली वर्ग से लोगों को मंच पर बुलाया गया है।
जय श्रीराम के नारों से गूंजा रामलीला मैदान
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लहराते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के जमकर नारे लगाए। अब कार्यक्रम शुरू होने में सिर्फ एक घंटा ही बचा है।
शालीमार बाग के लोग बेहद उत्साहित
रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने से शालीमार बाग एपी ब्लाक के लोग बेहद उत्साहित हैं। एपी ब्लाक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अशोक गुप्ता का कहना है कि दिल्ली के विकास के एक नए युग की आज से शुरुआत हुई है।
विकसित दिल्ली शपथ समारोह दिया गया नाम
शपथ ग्रहण समारोह को विकसित दिल्ली शपथ समारोह नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार में दिल्ली को विकसित भारत का विकसित राजधानी बनाने का वादा कर समर्थन मांगा था। भाजपा के संकल्प पत्र में भी विकसित दिल्ली का वादा किया गया है।
रेखा गुप्ता शपथ लेने के लिए घर से निकलीं
दिल्ली की भावी सीएम रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए घर से निकल गई हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के जमकर जयकारे लगाए। रेखा गुप्ता कुछ ही देर में रामलीला मैदान पहुंच जाएंगी।
रामलीला मैदान में जश्न की तैयारी शुरू
दिल्ली के रामलीला मैदान में जश्न की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं में बहुत खुशी का माहौल है।
कई स्थानों पर लाइव चलेगा कार्यक्रम
शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को रामलीला मैदान के बाहर व भीतर के साथ ही दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर एलसीडी के माध्यम से लाइव दिखाया जाएगा।
केंद्रीय सचिवालय में जाकर पद संभालेंगे CM व मंत्री
रामलीला मैदान में कार्यक्रम के बाद नए सीएम व मंत्री केंद्रीय सचिवालय में जाकर पद संभालेंगे। शपथ ग्रहण करने का कार्यक्रम लगभग 30 मिनट में पूरा होगा।
रेखा गुप्ता बोलीं- शीशमहल में नहीं रहूंगी
राजधानी की सीएम चुनी गईं रेखा गुप्ता से जब यह पूछा गया कि आप शीशमहल में रहेंगी या नहीं तो उन्होंने कहा कि नहीं, नहीं।
दोपहर 12.35 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
रामलीला मैदान में 12.35 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। 12.35 से 12.40 तक एलजी सीएम और उनके मंत्रिमंडल को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
पर होगा पीएम मोदी का आगमन
दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन 12.25 पर होगा। इसके बाद 12.30 बजे राष्ट्रगान होगा।
मिनट पर होगा एलजी का आगमन
रामलाली मैदान में आज दोपहर में 12.15 मिनट पर एलजी का आगमन होगा। फिर 12.20 बजे केंद्रीय गृहमंत्री, अन्य मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम का आगमन होगा।
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी, उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
अमित शाह क्या बोले…
ग्रहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने पर रेखा गुप्ता जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली को दुनिया की शीर्ष राजधानियों में से एक बनाने का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने लिया है, आप उस दिशा में समर्पण भाव से कार्य करेंगी। दिल्ली की माताओं-बहनों ने जिन आशाओं और अपेक्षाओं से भाजपा को आर्शीवाद दिया है, मुझे भरोसा है कि आपके नेतृत्व में भाजपा उसकी पूर्ति के लिए दिन-रात कार्य करेगी।
एलजी से मिलीं रेखा गुप्ता
मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार की देर शाम एलजी वीके सक्सेना से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, भाजपा पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, प्रवीण खंडेलवाल और कमलजीत सहरावत भी मौजूद रहे।
आप की बंदना कुमारी को दी शिकस्त
इस बार भी वह पार्षद रहते हुए विधानसभा चुनाव लड़ीं और आप की बंदना कुमारी को शिकस्त दे दी। बीते दो चुनाव से रेखा उनसे हार रही थीं।
रामलीला मैदान में भव्य तैयारी
शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में भव्य तैयारी है। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम के साथ छह विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे।
सभी नेताओं ने रेखा गुप्ता को दी बधाई
मुख्यमंत्री की रेस में प्रवेश वर्मा, शिखा राय, विजेंद्र गुप्ता, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, आशीष सूद, पवन शर्मा आदि का नाम चल रहा था, लेकिन बाजी पहली बार विधानसभा पहुंची रेखा गुप्ता ने जीती। बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने रेखा गुप्ता को बधाई दी। रेखा गुप्ता तीन बार पार्षद रह चुकी हैं।
छह विधायक भी लेंगे मंत्री पद की शपथ
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज मुख्यमंत्री के साथ 6 विधायक भी कैबिनेट के मंत्री पद की शपथ लेंगे। बताया गया कि प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे।
सभी विधायकों ने रेखा के नाम पर लगाई मुहर
पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे रविशंकर प्रसाद और ओमप्रकाश धनखड़ ने बैठक में कहा कि दिल्ली में भाजपा 27 साल बाद सरकार बनाने जा रही है। इसके लिए सभी को बधाई। इसके बाद कई अन्य नेताओं ने बैठक को संबोधित किया। बाद में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा व सतीश उपाध्याय ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने मुहर लगा दी।
रेखा गुप्ता बोलीं- यह एक चमत्कार है
दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गई रेखा गुप्ता ने कहा कि यह एक चमत्कार है, दिल्ली की बहनों के जीवन में एक नया अध्याय है। आज यदि रेखा प्रदेश की सीएम बनकर काम कर सकती है तो मुझे लगता है हर बहन के लिए रास्ते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना हमारी पहली प्राथमिकता है। जिसने भी राजधानी के अंदर भ्रष्टाचार किया है, उसे एक-एक रुपये का हिसाब देना होगा।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से मुख्यमंत्री के लिए नाम तो कई चले, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने रेखा गुप्ता के नाम पर भरोसा जताया। नाम की घोषणा होने के साथ ही उनके पीतमपुरा स्थित घर पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
छात्र राजनीति के जरिये दिल्ली की सत्ता के शीर्ष पर पहुंचीं रेखा
रेखा गुप्ता छात्र राजनीति के जरिये दिल्ली की सत्ता के शीर्ष पर पहुंची हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता के नाम की औपचारिक घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी।
