बिहार-यूपी समेत 23 राज्यों में होगी नियुक्ति; 10वीं पास करें अप्लाई
पटना। भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) की बंपर नियुक्ति निकाली है। इसके तहत देशभर में 44 हजार से अधिक तथा बिहार में 2558 पदों पर नियुक्ति की जानी है।
डाक विभाग की अधिसूचना के अनुसार बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित 23 राज्यों में नियुक्तियां होनी हैं। इनमें ब्रांच पोस्ट मास्टर, सहायक ब्रांच पोस्ट मास्टर और डाक सेवक के पद भी शामिल हैं।
10वीं पास इस वेबसाइट पर करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी डाक विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित योग्यता 10वीं पास है। अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।
बिहार डाक सर्किल में होने वाली 2558 पदों पर नियुक्ति में सामान्य वर्ग के 1067 पद हैं। इसके अतिरिक्त 725 ओबीसी, 371 एससी, 117 एसटी, 220 ईडब्ल्यूएस, 25, पीडब्ल्यूडी-ए, 18 पीडब्ल्यूडी-बी, और 15 पीडब्ल्यूडी-सी के पद हैं। आवेदन की अंतिम तिथि पांच अगस्त है।
ब्रेडा भी अब अनुकंपा के आधार पर नौकरी उपलब्ध कराएगा
बिहार रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (ब्रेडा) में भी अब अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिल सकेगी। ब्रेडा की प्रबंध समिति की सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद वित्त विभाग से इस आशय की सहमति मिल गयी है।
ब्रेडा सेवा नियमावली में संशोधन करते हुए ऊर्जा विभाग के माध्यम से गए प्रस्ताव पर सामान्य प्रशासन व वित्त विभाग ने अपनी सहमति प्रदान की है।
ब्रेडा एक अभिकरण है। इसके कर्मी सरकारी सेवक नहीं हैं पर राज्य सरकार, एजेंसी, निगम व प्राधिकरण के अनुरूप ब्रेडा में अनुकंपा के आधार पर नियोजन होगा।
ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह ब्रेडा के अध्यक्ष संजीव हंस ने कहा कि वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद हम इस दिशा में काम करेंगे।
