राम रहीम की फिर बढ़ी मुश्किलें, 23 साल पुराने मर्डर केस में SC ने भेजा नोटिस
चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की एक बार फिर मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। साल 2002 में रणजीत सिंह हत्या मामले में राम रहीम की बेल के खिलाफ सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दर्ज करवाई है। जिसके बाद अदालत ने नोटिस जारी किया है।
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह और चार अन्य से सीबीआई की अपील पर जवाब मांगा। इस अपील में साल 2002 के हत्या मामले में उन्हें बरी किए जाने के खिलाफ अपील की गई थी।
देश के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने मामले में बरी किए गए लोगों से जवाब मांगते हुए नोटिस जारी किए। बता दें कि सीबीआई ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा 28 मई, 2024 को पारित आदेश को चुनौती दी है, जिसमें सिंह और चार अन्य को संप्रदाय के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या के मामले में बरी किया गया था।
क्या था मामला
गुरमीत राम रहीम सहित पांच लोगों पर आरोप था कि उन्होंने 10 जुलाई, 2002 को रणजीत की उस समय हत्या करवाई थी जब वह अपने गांव के नजदीक शाम के समय खेत में काम कर रहे थे। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी थी। रणजीत डेरा सच्चा सौदा के पूर्व सदस्य और मैनेजर रहे हैं। इस मर्डर केस में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम व अन्य दोषियों को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा बरी कर दिया गया था।
