National

होली पर मस्जिदों को ढकने पर भड़के ओवैसी- कहा, ‘जो लोग पाकिस्तान चले गए, वे कायर थे। हम भागेंगे नहीं

हैदराबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने होली के दौरान मुस्लिमों को घर में रहने की हिदायत देने पर आपत्ति जाहिर की है। ओवैसी ने कहा कि ‘हम कायर नहीं हैं। हम भागेंगे नहीं।’
ओवैसी की प्रतिक्रिया उन बयानों के विरोध में थी, जिसमें कहा गया था कि अगर मुस्लिम नहीं चाहते कि होली के दौरान उन्हें कोई रंग लगाए, तो उन्हें घर के अंदर ही रहना चाहिए। बता दें कि उत्तर प्रदेश के संभल में सर्किल ऑफिसर अनुज चौधरी ने 6 मार्च को सुझाव दिया था कि जो लोग रंगों से असहज हैं, उन्हें घर के अंदर रहना चाहिए।

सीएम योगी पर भी बोला हमला

सीओ अनुज चौधरी के बयान का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी समर्थन किया था। ओवैसी ने कहा, ‘कुछ लोग कहते हैं कि आपको नमाज़ नहीं पढ़नी चाहिए और घर के अंदर ही रहना चाहिए। उनका कहना है कि जैसे हमने अपनी मस्जिदों को ढक रखा है, वैसे ही हमें खुद को भी ढकना चाहिए, नहीं तो घर के अंदर ही रहना चाहिए।’

ओवैसी ने कहा, ‘जो लोग पाकिस्तान चले गए, वे कायर थे। हम भागेंगे नहीं, हम कायर नहीं हैं। एक मुख्यमंत्री ने कहा कि जुमा की नमाज घर पर भी अदा की जा सकती है। वह कौन होते हैं हमें यह बताने वाले कि हम क्या कर सकते हैं और क्या नहीं?’

कड़ी सुरक्षा के बीच मनाई गई होली

  • बता दें कि इस साल होली 14 मार्च को रमजान के दूसरे जुमे नमाज (शुक्रवार की नमाज) के साथ पड़ी। सुरक्षा बलों ने कई राज्यों में शांतिपूर्ण उत्सव सुनिश्चित करने के लिए फ्लैग मार्च किया और चौकियां स्थापित कीं।
  • होली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन के आदेश पर उत्तर प्रदेश में कई मस्जिदों को तिरपाल से ढक दिया गया था। संभल की एसडीएम वंदना मिश्रा ने समुदायों के बीच सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से मनाए गए होली के त्यौहार ने सद्भाव का एक मजबूत संदेश दिया।

संभल में काफी रही सख्ती

संभल में कानून व्यवस्था की स्थिति सुनिश्चित करने के लिए सर्किल ऑफिसर अनुज चौधरी ने अन्य पुलिस कर्मियों के साथ फ्लैग मार्च किया। सर्किल ऑफिसर चौधरी ने कहा कि पुलिस ने पैदल गश्त और ड्रोन निगरानी के जरिए स्थिति पर नजर रखी।

इससे पहले, संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने सभी समुदायों के लोगों से जुम्मा और होली समारोह से पहले शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह किया था। डीएम राजेंद्र पेंसिया ने भी संभल में लोगों के सहयोग की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *