फतेहपुर। एसपी धवल जायसवाल ने शिकवा शिकायत पर 18 इंस्पेक्टर व दारोगा को इधर से उधर किया है जिसमें सुल्तानपुर घोष एसओ राजेंद्र त्रिपाठी, ललौली एसओ वृंदावन राय व थरियांव एसओ अरविंद कुमार राय को लाइन हाजिर कर दिया गया है जबकि डीसीआरबी प्रभारी दिनेश
कुमार मिश्रा को राधानगर थाने का इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं मीडिया सेल प्रभारी शमसेर बहादुर सिंह को ललौली थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
जहानाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह को हुसेनगंज थानेदार बनाकर भेजा गया है। इसी प्रकार पुलिस लाइन्स से निरीक्षक तेज बहादुर सिंह को सुल्तानपुर घोष एसओ, धाता प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडेय को थरियांव एसओ बनाया गया है।
विकास सिंह को सौंपी गई मलवां एसओ की जिम्मेदारी
प्रभारी न्यायालय सुरक्षा से श्रीलान सिंह को साइबर थाना प्रभारी, खागा के मझिलगांव चौकी प्रभारी विकास सिंह को मलवां एसओ की जिम्मेदारी दी गई। वहीं मलवां एसओ अभिलाष तिवारी को असोथर एसओ, हुसेनगंज एसओ सत्यपाल सिंह को जहानाबाद एसओ पद पर ही भेजा गया।
सदर कोतवाली के अपराध निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव को बकेवर एसओ, असोथर एसओ विनोद कुमार मौर्य को अपराध शाखा, साइबर थाना प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह को अपराध शाखा भेजा गया।
अपराध शाखा में कार्यरत अनिरुद्ध कुमार द्विवेदी को हथगाम एसओ, अंकुर कैथवास को बिदंकी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक से धाता एसओ बनाया गया है। राधानगर एसओ रमेश कुमार पटेल को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा बनाया गया है।
ललौली थाना के पहले वृंदावन राय हथगाम थाने में एसओ थे। बताते हैं कि अखरी गांव में इनके कार्यकाल में एक वीडियो इंटरनेट में प्रचलित हुआ था। जिसमें दिवंगत किसान नेता विनोद सिंह को पूर्व प्रधान मुन्नू सिंह अपने साथियों के साथ बंधक बनाकर लाठी-डंडे से पीट रहा था। थानाध्यक्ष किसान नेता को अपशब्द कहकर धमकी दे रहे हैं। किसान नेता, इनके भाई व पुत्र की हत्या के बाद ग्रामीणों ने पुराने झगड़े की शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी।
भाजपा नेता के मौत बनी कार्रवाई की वजह !
थरियांव क्षेत्र में अभी पांच दिन पूर्व ही एक किशोर से कुकर्म हुआ था जिसमें क्षेत्र के ही एक भाजपा नेता पर पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दे दी थी। चर्चा है कि एसओ अरविंद राय के एक कारखास ने कुकर्म आरोपित भाजपा नेता पर वसूली को लेकर इतना दबाव डाला कि भाजपा नेता ने जहर खाकर जान दे दी थी। जिस पर भाजपाइयों ने उच्चाधिकारियों से इसकी शिकायत की थी।
भाकियू कार्यकर्ताओं ने हटाने की मांग की थी
सुल्तानपुर घोष एसओ राजेंद्र त्रिपाठी पर तिहरे हत्याकांड में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने हटाए जाने की मांग किया था। जिस पर कार्रवाई की चर्चा रही। हालांकि इनका गैर जनपद स्थानांतरण की वजह से लाइन में आमद की गई है।