जम्मू-कश्मीर के नए मुख्यमंत्री बनेंगे उमर अब्दुल्ला, शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में पहली सरकार का आज शपथ ग्रहण है। उमर अब्दुल्ला 11:30 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उमर अब्दुल्ला समेत कुल 10 मंत्री शेरे कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उमर अब्दुल्ला और अन्य मंत्रियों को जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा शपथ दिलाएंगे। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव कराए गए थे। जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा सीटों पर तीन चरणों में मतदान हुए थे जबकि 8 अक्टूबर को नतीजे आए थे।
उमर अब्दुल्ला के शपथ ग्रहण में कई दिग्गज नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है। नेकां-कांग्रेस की सरकार के बहाने आईएनडीआई गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी है। शपथ ग्रहण में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल, शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, माकपा नेता प्रकाश करात और भाकपा नेता डी राजा सहित लगभग 50 नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
अपने दादा की मजार पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे उमर अब्दुल्ला
शपथ ग्रहण से पहले उमर अब्दुल्ला अपने दादा स्वर्गीय शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की मजार पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।
शपथ ग्रहण में शामिल होने पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा उमर अब्दुल्ला के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए श्रीनगर पहुंचे।
लोगों की चुनी हुई सरकार बनेगी-इफरा जान
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला आज जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नेकां की नेता इफरा जान ने कहा कि आज जो सीएम शपथ लेंगे, उन्हें जम्मू-कश्मीर की 1.35 करोड़ जनता ने चुना है। मैं जम्मू-कश्मीर के लोगों को बधाई देना चाहती हूं क्योंकि उनकी चुनी हुई सरकार बनेगी।
शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में होगा शपथ ग्रहण
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने उमर अब्दुल्ला और उनके मंत्रिपरिषद को आज शपथ लेने के लिए नामित किया है। शपथ ग्रहण समारोह शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में आयोजित किया जाएगा।
