‘केजरीवाल हों विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार’, INDIA की बैठक से पहले AAP ने गिनाए कारण
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए के खिलाफ लड़ने के लिए 26 पार्टियों वाले विपक्षी दलों ने अपने नए गठबंधन का नाम I.N.D.I.A. रखा है। लेकिन अभी तक विपक्षी दलों की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए किसी नेता के नाम का एलान नहीं किया गया है।
ताजा मामले में समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में आम आदमी पार्टी (आप) की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने अपनी राय देकर प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्षी दलों का उम्मीदवार कौन हो, इस चर्चा को गर्म कर दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों से दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने की अपील की है।
भाजपा विरोधी विपक्षी दलों की बैठक मुंबई में 31 अगस्त और एक सितंबर को होने वाली है। माना जा रहा है कि इस बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी दलों की रणनीति तय की जाएगी। साथ ही इस बैठक में विपक्षी दलों के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर भी चर्चा हो सकती है।
