पूर्वांचल के एक बड़े फ्लोर मिल कारोबारी के यहां 50 करोड़ से अधिक की कर चोरी के मामले में आयकर विभाग की छापेमारी
वाराणसी से बुलाएं गए वैल्यूअर
छापे के दौरान फ्लोर मिल कारोबारी के यहां से जब्त नकदी व आभूषणों के मूल्यांकन के लिए टीम ने वाराणसी से वैल्यूअर बुलाया है। पहले दिन कारोबारी के आवास से टीम ने 10 लाख रुपये नकद तथा करीब 82 लाख के एक किलो सोना और दो किलो चांदी अपने कब्जे में लिया था। टीम आगे कार्रवाई के दौरान मिलने वाले नकदी व कीमती सामानों के मूल्यांकन के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए इसके लिए वैल्यूअर को अभी यही अपने साथ रोकने का फैसला किया है।
वियतनाम फरार हुआ फ्लोर मिल कारोबारी का पार्टनर
फ्लोर मिल कारोबारी के साथ फारेस्ट क्लब में पार्टनर व शहर के एक होटल के संचालक छापेमारी के बाद से ही फरार हैं। सूत्र बताते हैं कि वह इस समय वियतनाम में हैं। स्वजन से आयकर विभाग की टीम ने बुलाने के लिए कहा है, हालांकि वह कब तक आएंगे इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार यदि कार्रवाई चलने तक होटल संचालक नहीं आते हैं तो टीम प्रापर्टी अपने कब्जे में लेकर सील कर देगी।
जांच टीम के लिए बाहर से हो रहा दवा-खाना का इंतजाम
छापेमारी करने वाली आयकर टीम के लिए विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर दवा व भोजन आदि का इंतजाम किया गया है। बताया जा रहा है कार्रवाई होने तक टीम के अधिकारी बाहर नहीं निकलेंगे। ऐसे में उन्हें मौके पर ही दवा व भोजन के साथ ही अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएं जा रहे हैं।
