National

नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान, नायब सिंह सैनी लेंगे सीएम पद की शपथ

चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन कर दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस्तीफे के बाद चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक में कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी को नया नेता चुना गया है।

केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा विधायक दल की बैठक में पहुंचे अर्जुन मुंडा और तरुण चुघ सहित प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब के समक्ष नायब सैनी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। नायब सैनी सायं पांच बजे नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सीएम मनोहर लाल ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनको बधाई भी दी है।

भाजपा ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पिछड़ा वर्ग का कार्ड खेला है। भाजपा ने साढ़े नौ साल पुराने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बदलने के बाद भी राजनीतिक रूप से यह संदेश दे दिया है कि राज्य में भाजपा गैर जाट की राजनीतिक पर ही कायम रहेगी।

पीएम मोदी ने मनोहर लाल को बताया था पुराना साथी

रविवार को गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस वे के शुभारंभ मौके पर आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मनोहर लाल को अपना पुराना साथी बताया था। मोदी ने मनोहर लाल को दरी बिछाने के समय का साथी बताया था। इसके बाद इस बदलाव को यह माना जा रहा है कि मनोहर लाल को भाजपा के केंद्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

वहीं विधायक दल की मीटिंग से बाहर आए करनाल से बीजेपी सांसद संजय भाटिया ने कहा, ” पूर्व सीएम मनोहर लाल जो लाइन हरियाणा की राजनीति में खींची है उस लाइन तक किसी के लिए भी पहुंचना मुश्किल है। मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता के लिए बेहतर सुविधाएं दी हैं। यहां तक पहुंचना किसी के लिए भी असंभव है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *