‘भारत के अमृतकाल का स्वर्णिम अवसर 18 वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत आज,पीएम मोदी समेत सभी नए सांसद लेंगे शपथ
पीएम मोदी बोले- सबको एक साथ लेकर चलना ही हमारा प्रयास होगा
18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में हमने हमेशा एक परंपरा को निभाने का प्रयास किया है, क्योंकि हमारा मानना है कि सरकार चलाने के लिए बहुमत की जरूरत होती है, लेकिन देश चलाने के लिए सर्वसम्मति सबसे ज्यादा जरूरी है। इसलिए हमारा निरंतर प्रयास रहेगा कि मां भारती की सेवा की जाए और 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं को सबकी सहमति से और सबको साथ लेकर पूरा किया जाए।
दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव बहुत ही गौरवशाली तरीके से संपन्न हुआः पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज 18वीं लोकसभा की शुरुआत हो रही है। दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव बहुत ही भव्य और गौरवशाली तरीके से संपन्न हुआ। ये चुनाव इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि आजादी के बाद दूसरी बार देश की जनता ने किसी सरकार को लगातार तीसरी बार सेवा करने का अवसर दिया है।
तीसरे कार्यकाल में हम तीन गुणा मेहनत करेंगेः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने संसद के बाहर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार तीसरे कार्यकाल में तीन गुणा मेहनत करेगी और भारत को आगे ले जाएगी।
पीएम मोदी पहुंचे संसद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत से पहले संसद पहुंचे।
आवास से संसद के लिए निकले खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे 18वीं लोकसभा के पहले सत्र में भाग लेने के लिए अपने आवास से निकल चुके हैं।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन ने कहा, “एक सकारात्मक शुरुआत होगी। कई नए सांसद आए हैं। हमने अपने सभी सांसदों को सीपीपी कार्यालय बुलाया है ताकि हम उन्हें संसदीय कार्यों के बारे में निर्देश दे सकें। एक रचनात्मक विपक्ष होगा। हम लोगों के मुद्दे उठाएंगे और जब देश की बात आएगी तो हम उसमें भी सहयोग करेंगे।”
जयराम रमेश पहुंचे संसद भवन
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश संसद भवन पहुंच चुके हैं।
भर्तृहरि महताब ने ली प्रोटेम स्पीकर की शपथ
भर्तृहरि महताब ने राष्ट्रपति भवन में प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ ली। महताब सात बार के सांसद हैं। छह बार उन्होंने बीजू जनता दल और इस बार भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें शपथ दिलाई।
सरकार का रवैया अभी भी अहंकार से भरा: मणिकम टैगोर
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा कि सरकार का रवैया अभी भी अहंकार से भरा है। उन्होंने एक दलित सांसद को हटा दिया जो 8 बार से सांसद है। के सुरेश को प्रोटेम स्पीकर होना चाहिए था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्षी दलों से परामर्श किए बिना ऐसा निर्णय लिया है।
किरेन रिजिजू बोले- प्रोटेम स्पीकर कोई बड़ा मुद्दा नहीं
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि मैंने सभी नेताओं से मुलाकात की। अभी-अभी मैंने डीएमके संसदीय दल के नेता टीआर बालू से मुलाकात की और सभी इस बात पर सहमत हैं कि भारतीय संसद के इतिहास में प्रोटेम स्पीकर कभी कोई बड़ा मुद्दा नहीं रहा और प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति मूल रूप से नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने और नए अध्यक्ष के चुनाव में मदद करने के लिए होती है।
एनडीए सरकार ने लोकसभा की परंपरा का उल्लंघन कियाः के सुरेश
कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा कि एनडीए सरकार ने लोकसभा की परंपरा का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि अब तक परंपरा थी कि जो सांसद सबसे अधिक बार निर्वाचित होता है, वही प्रोटेम स्पीकर बनता है और भर्तृहरि महताब 7वीं बार सांसद चुने गए हैं। जबकि, वो 8वीं बार सांसद चुने गए। के सुरेश ने कहा कि एनडीए फिर से विपक्ष का अपमान कर रहा है, इसलिए इंडी गठबंधन ने सर्वसम्मति से पैनल सदस्यों का बहिष्कार करने का फैसला किया है।
इंडी गठबंधन के सांसद आज एक साथ लोकसभा में प्रवेश करेंगे
पहले सत्र में एकता को दिखाते हुए सभी इंडी गठबंधन के सांसद आज एक साथ लोकसभा में प्रवेश करेंगे। वे वहीं एकत्र होंगे जहां पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा रखी गई थी। वे संविधान की एक प्रति लेकर चलेंगे।
संसद के मकर द्वार का सुंदर दृश्य आया सामने
18वीं लोकसभा के पहले सत्र की संसद में हुई तैयारी। संसद के मकर द्वार का सुंदर दृश्य आया सामने।
संसद के सत्र की आज से शुरुआत
18वीं लोकसभा के पहले संसद सत्र की आज से शुरुआत हो रही है। इस सत्र में पीएम मोदी समेत सभी नए सांसद अपने पद की शपथ लेंगे।
