महाराष्ट्र में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे फडणवीस, चुने गए विधायक दल के नेता
विजय रूपाणी ने किया एलान
विधायक दल की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में हुई। बैठक के बाद विजय रूपाणी ने कहा कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लगाई है। इसके बाद उन्होंने फडणवीस को विधायक दल का नेता घोषित किया। आशीष शेलार महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य सचेतक होंगे। उधर, नागपुर में भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास के बाहर जश्न का माहौल है।
जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया
कोर कमेटी की बैठक में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को जीत मिली है। सभी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा। जनता ने खुलकर वोट दिया। उधर, नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महायुति को जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम महाराष्ट्र को आगे ले जाने को प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है।
भाजपा के पास सबसे अधिक संख्याबल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला। सबसे अधिक 132 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। 57 सीटों पर एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के प्रत्याशी जीते। अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) 41 सीटों पर चुनाव जीतने में कामयाब हुई। महायुति गठबंधन कुल मिलाकर 236 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को पांच निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी मिला है।
