आज दिल्ली को मिलेगा नया CM, दौड़ में कौन आगे?
दिल्ली चुनाव परिणाम घोषित होने के 11 दिन बाद आज यानी बुधवार को अंतत: दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
5 हजार जवान किए जाएंगे तैनात
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के दिन रामलीला मैदान क्षेत्र में और उसके आसपास पांच हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
सीएम पद के लिए चर्चा में ये नाम
मुख्यमंत्री पद के लिए इन नेताओं के नाम की हो रही चर्चा मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा, जम्मू कश्मीर व गोवा के सह प्रभारी आशीष सूद, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, रेखा गुप्ता, शिखा राय, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, रविंद्र इंद्राज, कैलाश गंगवाल और करनैल सिंह सैनी के नाम की चर्चा हैं। यदि किसी सांसद को यह दायित्व मिलता है तो मनोज तिवारी भी इस दौड़ में हो सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में ये होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री, भाजपा पदाधिकारी व अन्य नेता, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री, साधु संत, भाजपा कार्यकर्ता और सफाई कर्मचारियों के साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों के विशिष्ट लोग शामिल होंगे।
LG से तैयारी को लेकर की चर्चा
भाजपा नेताओं ने बताया कि उपराज्यपाल के साथ शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी पर चर्चा की गई।
सचदेवा और तावड़े ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया
शपथ ग्रहण समारोह की जिम्मेदारी संभाल रहे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े व तरुण चुघ के साथ दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया।
भाजपा ने जारी किया पोस्टर
भाजपा ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है। इस पोस्टर के जरिए सभी को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।
छह मंत्री भी लेंगे शपथ
रामलीला मैदान में 20 फरवरी को सीएम के साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
कल 12 बजे होगा शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली के रामलीला मैदान में कल 12 बजे शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। आज शाम तक भाजपा सीएम के नाम एलान कर देगी।
थोड़ी देर में होगी संसदीय बोर्ड की बैठक
दिल्ली में थोड़ी देर में ही भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक शुरू होगी। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होगी।
भाजपा नेताओं का क्या कहना?
भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व ने अभी तक कोई पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि विधायक दल की बैठक के पहले पर्यवेक्षक की घोषणा कर दी जाएगी।
20 फरवरी को शपथ लेंगे सीएम
20 फरवरी गुरुवार को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री (Delhi New CM) व मंत्रिमंडल के अन्य छह सदस्य शपथ लेंगे। रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जोरशोर से चल रही है।
