National

खतरनाक स्तर पर पहुंचा Delhi Pollution, AQI 400 के पार

 नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली गैस चैंबर बन चुकी है। रविवार रात आठ बजे जब केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड दिल्ली का एक्यूआई 441 दर्शा रहा था, ठीक उसी समय स्विस कंपनी आइक्यूएयर के एप में यह आंकड़ा एक ऐसे खतरनाक स्तर को छू रहा था जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। यह 1,121 के स्तर को छू रहा था जो रात 9:30 बजे 1,282 तक पहुंच गया।
एनसीआर के अन्य शहरों की बात करें तो एप में इसी समय हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक्यूआई 707, गुरुग्राम में 829, गाजियाबाद में 651 और नोएडा में 418 दर्ज किया गया। जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इन शहरों में हवा की गुणवत्ता के जो आंकड़े दर्शा रहा था, वह इससे कहीं से मेल नहीं खा रहे थे। वहीं, आज सुबह दिल्ली का औसत एक्यूआई 481 दर्ज किया गया है। इसके अलावा दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 624 दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर हुई बर्फबार

एक्यूआई स्तर के यह अलग-अलग पैमाने देश में वायु की गुणवत्ता मापने के यंत्रों पर सवाल भी उत्पन्न करते हैं। दिल्ली की बात करें तो आइक्यूएयर में शाम पांच बजे एक्यूआई पांच सौ था जो रात आठ बजे 1,121 पहुंच गया। इसकी एक बड़ी वजह हवा का एकदम से शांत होना माना जा रहा है। आइएमडी के मौसम विज्ञानी आरके जेनामणि के अनुसार पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से बर्फबारी और बारिश हुई है।

इस वजह से उत्तर पश्चिमी हवा के साथ नमी और ठंडक भी आ रही है। ऐसे में कोहरे का स्तर बढ़ रहा है। रात को भी मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। सुबह भी घना कोहरा हो सकता है। कोहरा बढ़ने और हवा मंद होने पर प्रदूषण का स्तर भी बढ़ जाता है।

रविवार को इन इलाकों में रहा सबसे अधिक एक्यूआई

स्थान AQI सीबीसीबी AQI आइक्यूएयर
दिल्ली 441 1,282
गाजियाबाद 362 651
फरीदाबाद 275 263
गुरुग्राम 310 829
नोएडा 316 418
बहादुरगढ़ 482 707

एनसीआर में आइक्यूएयर ने एक्यूआई भले ही खतरनाक दर्शाया, लेकिन अन्य शहरों में वह ऐसी स्थिति नहीं बताता है। यही वजह है कि इस पर संदेह करने का कोई कारण भी नहीं दिखता। रात 9:30 बजे इस एप पर कानपुर में एक्यूआई 156, हरिद्वार में 153 दर्ज किया गया। यही नहीं, फरीदाबाद में एक्यूआई 263, सोनीपत में 211 रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *