भारी बारिश के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने आपदा अधिकारियों को ‘अलर्ट मोड’ पर रहने का निर्देश दिया
उत्तराखंड में जारी भारी बारिश से लोग परेशान हैं। इस आपदा पर राज्य सरकार नजर बनाए हुए है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही अतिवृष्टि की जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि के दृष्टिगत जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखने एवं आपदा के दृष्टिगत सभी सहयोगी संस्थाओं से निरंतर समन्वय बनाये रखने के निर्देश दिये।सीएम धामी ने सभी को बाढ़ जैसी परिस्थिति से निपटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तैयार रहें ताकि किसी भी प्रकार की आपदा में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से हो सके। सीएम धामी ने तैयारियों का जायजा भी लिया।
