भारी बारिश के बाद भूस्खलन से उत्तराखंड के कई जिलों में यातायात ठप, 4 राजमार्ग समेत 18 मोटर मार्गों पर यातायात ठप, 50 गांव प्रभावित
जौनसार बावर में भूस्खलन बढ़ने पर चार राजमार्ग समेत 18 मोटर मार्गों पर यातायात ठप होने से करीब 50 गांवों व मजरों के ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। कृषि मंडियों में उपज न पहुंचा पाने की वजह से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। बंद मार्गों पर जगह-जगह उपज से भरे वाहन फंसे हुए हैं।
8 मोटर मार्गों पर यातायात बाधित
मंडियों में सब्जियों की कम आवक है। डिमांड अधिक होने की वजह से रेट महंगे हैं, जिस कारण ग्राहकों को अपनी जेब ज्यादा ढ़ीली करनी पड़ रही है। जगह-जगह भूस्खलन के चलते लोनिवि साहिया के तीन स्टेट हाईवे समेत 8, लोनिवि चकराता के एक स्टेट हाईवे समेत 8, पीएमजीएसवाई कालसी के 2 मोटर मार्ग पर यातयात अवरूद्ध हो गया है।
मार्ग पर मलबा आने से यातायात ठप
स्टेट लोनिवि साहिया का स्टेट हाईवे कालसी चकराता मोटर मार्ग जजरेड व चापनू के पास मलबा आने से दो घंटे तक बाधित रहा, जिस पर अब यातायात सुचारू हो गया है। स्टेट हाईवे साहिया क्वानू मोटर मार्ग तारली खडड के पास, स्टेट हाईवे हरिपुर इच्छाड़ी क्वानू मीनस मोटर मार्ग तिमरा के पास मलबा आने से यातायात बाधित है।
टशंभू की चौकी पंजिया, निछिया पिहानी, डयूडीलानी ठलीन सकरौल, शहीद सुरेश तोमर गास्की, लुहान बैंड से बबड़ीधार मोटर मार्गों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित है। लोनिवि चकराता का स्टेट हाईवे चकराता लाखामंडल मोटर मार्ग पर ग्वासापुल व कांडीपुल के पास मलबा आने से यातायात प्रभावित है।
दारागाड कथियान किस्तूड़, मरलऊ बडोडा, कोटी कनासर रजाणू, लोखंडी पिपारा मीनस, क्यारापुल म्यूंडा, टुंगरा, रोटा खडड अटाल मोटर मार्गों पर यातायात बाधित है। पीएमजीएसवाई कालसी का धोइरा देऊ, जखथान मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। इन मोटर मार्गों पर कई स्थानों पर मलबा आया हुआ है। बंद मार्गों पर यातायात सुचारू करने को जेसीबी मशीनों को मलबा हटाने के लिए लगाया गया है।
