Crime

देहरादून में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने लगातार दो दिनों तक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने पटेलनगर और राजपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान देसी शराब और अंग्रेजी व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद की गई।

सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन टीम ने 3 नवंबर को पटेलनगर क्षेत्र में अभियान चलाया। सबसे पहले कृष्णा देवी पत्नी प्रवीण कुमार की दुकान पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान दुकान से माल्टा देसी शराब के 45 पाउच और इंपिरियल ब्लू व्हिस्की के 48 पव्वे बरामद हुए।

इसके बाद टीम ने पटेलनगर के भरुवाला, टर्नर रोड स्थित गौरव कुमार पुत्र अनिल कुमार के घर पर दबिश दी। यहां से 48 पव्वे इंपिरियल ब्लू व्हिस्की और माल्टा देसी शराब के 45 पाउच मिले। अभियान के तहत तीसरी कार्रवाई रिस्पना पुल के पास आराघर, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में राजेंद्र कुमार पुत्र चंद्रिका राम के आवास पर की गई। तलाशी में उसके घर से माल्टा देसी शराब के 55 पाउच बरामद किए गए। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।

वहीं, 4 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने राजपुर थाना क्षेत्र में काठ बंगला पुल के पास एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली। सफेद रंग की हीरो माइस्ट्रो स्कूटी (UP12AU 1417) के पायदान पर रखे बैग से रॉयल स्टैग व्हिस्की की 12 बोतल और 24 हाफ बरामद हुए। इस मामले में हुकम सिंह पुत्र सपत सिंह निवासी होरी किरसाली, नेचर एन्क्लेव, थाना राजपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग की इन कार्रवाइयों को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा बताया गया है।