Crime

पंजाब: मोगा में घर के बाहर चार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो की मौत; दो गंभीर

मोगा। पंजाब के मोगा स्थित अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार शाम गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के बाहर खड़े चार युवकों पर एक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हथियारबंद हमलावरों ने गोलियां चला दीं। हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7:15 बजे साहिल जिंदल उर्फ लडी, गगन, राघव और सुखप्रीत अपने घर के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो वहां पहुंची। उसमें सवार हमलावरों ने पहले युवकों से किसी व्यक्ति के बारे में पूछताछ की और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। चारों युवक गोली लगने से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

अस्पताल में दो युवकों ने तोड़ा दम

घायलों को उपचार के लिए मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने गगन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल उर्फ लडी को बेहतर उपचार के लिए लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। वहीं, राघव और सुखप्रीत की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी सरताज सिंह चाहल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर अपने कब्जे में लिए हैं। फुटेज के जरिए हमलावरों की गाड़ी की आवाजाही और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

आरोपियों की तलाश में छापेमारी

एसएसपी सरताज सिंह चाहल के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।