Crime

कानपुर में तखत पर सोने को लेकर विवाद, बड़े भाई ने ईंट से सिर कुचलकर छोटे भाई की हत्या की

कानपुर। शहर के दर्शनपुरवा इलाके में मंगलवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक ही तखत पर सोने को लेकर हुए झगड़े में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान दर्शनपुरवा निवासी 35 वर्षीय शिवकुमार उर्फ बल्लू कश्यप के रूप में हुई है। वह फैब्रिकेटिंग का काम करते थे, जबकि उनके बड़े भाई सतीश उर्फ बच्ची पेंटिंग और पुताई का काम करते हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम दोनों भाई मेला देखने गए थे। देर रात दोनों नशे की हालत में घर लौटे। इसके बाद छत पर रखे एक ही तखत पर सोने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया और सतीश ने ईंट से बल्लू के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बल्लू की मौत हो गई।

बुधवार सुबह छत पर बल्लू को खून से लथपथ पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय और एसीपी ज्योतिश्री पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद सतीश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने पहले मकान के विवाद में अपनी बुआ के बेटे पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस ने पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य सामने रखे तो उसने छोटे भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

मामले में मृतक की बहन रीतू ने तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।