हल्द्वानी में STF की बड़ी कार्रवाई, 190 नशीले इंजेक्शनों के साथ युवक गिरफ्तार
STF और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी
हल्द्वानी/देहरादून:: उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। STF और कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 190 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस अब इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
STF की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी (23 वर्ष), निवासी लाइन नंबर-17, लाल मस्जिद के सामने, वार्ड नंबर-25, बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से बरामद इंजेक्शनों में 95 बुप्रेनॉरफिन (Buprenorphine) और 95 एविल (Avil) इंजेक्शन शामिल हैं।
संयुक्त टीम ने इनपुट के आधार पर की कार्रवाई
STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रदेश में मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में STF की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊँ यूनिट ने इनपुट विकसित करते हुए बनभूलपुरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही STF
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और उनके वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। STF आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
STF ने आमजन से की अपील
STF उत्तराखंड ने युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की है। STF ने कहा कि नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बरामदगी का विवरण:
बुप्रेनॉरफिन इंजेक्शन: 95
एविल इंजेक्शन: 95
कुल बरामद इंजेक्शन: 190

