Crime

आरा में दिनदहाड़े हार्डवेयर कारोबारी की गोली मारकर हत्या, स्कूल से बच्चे को छोड़कर लौट रहे थे घर

आरा (भोजपुर)। बिहार के आरा में शनिवार सुबह अपराधियों ने एक हार्डवेयर कारोबारी को निशाना बनाकर उनकी हत्या कर दी। नवादा थाना क्षेत्र में बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास सूर्य मंदिर के नजदीक हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। कारोबारी स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार तीन हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव निवासी स्वर्गीय बैजू सिंह के पुत्र थे और बहीरो इलाके में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। उनका घर आरा के गोढ़ना रोड स्थित गौतम बुद्ध नगर में बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपेंद्र सिंह शनिवार सुबह करीब छह बजे अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसके बाद वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास सूर्य मंदिर के नजदीक पहुंचे, तभी तीन हमलावरों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी।

गोली लगने से उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावर अपाचे बाइक पर सवार थे। वारदात के बाद तीनों आरोपी तेजी से मौके से निकल गए।

हत्या की जानकारी मिलने के बाद नवादा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें।

हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में भूमि विवाद और रुपये के लेन-देन समेत विभिन्न संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। हालांकि, अभी तक हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सुबह-सुबह हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस के सामने अब फरार हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और हत्या के कारणों का खुलासा करने की चुनौती है।