National

6 करोड़ का सोना, 10KG चांदी, 12 करोड़ कैश, गेमिंग रैकेट पर ED का ताबड़तोड़ एक्शन

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक कांग्रेस के विधायक को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान में 30 जगहों पर केसी वीरेंद्र की संपत्तियों और आवासों पर छापेमारी भी की और करोड़ों की रकम के साथ-साथ ज्वेलरी भी जब्त की। आरोप है कि विधायक कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटें चला रहे थे।

इडी ने बताया कि बेंगलुरु की टीम ने शुक्रवार को चित्रदुर्ग शहर के विधायक केसी वीरेंद्र और अन्य के खिलाफ 30 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें चित्रदुर्ग जिले में छह, बेंगलुरु में 10, जोधपुर में तीन, हुबली में एक, मुंबई में दो और गोवा में आठ परिसर शामिल हैं।

दुबई से भी निकला कनेक्शन

ईडी ने कहा, जांच से पता चला कि आरोपी किंग567, राजा567, पपीज003 और रत्ना गेमिंग जैसे नामों से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था। इसके अलावा, आरोपी का भाई, केसी थिप्पेस्वामी दुबई से तीन व्यावसायिक संस्थाओं – डायमंड सॉफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज का संचालन कर रहा है, जो केसी वीरेंद्र की कॉल सेंटर सर्विस और गेमिंग संचालन से जुड़ी हैं।

12 करोड़ रुपये कैश और ज्वेलरी जब्त

विधायक के घर पर पड़ी रेड में 12 करोड़ रुपये नकद, जिसमें लगभग एक करोड़ विदेशी मुद्रा, 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलोग्राम चांदी का सामान और चार वाहन बरामद किए। गौरतलब है कि ईडी का ये एक्शन संसद से ऑनलाइन गेमिंग बिल पास होने के कुछ दिन बाद लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *