National

हिमाचल की लाहौल घाटी में फटा बादल, तीन पुल बहे, गांव में घुसा मलबा

मनाली। हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश नहीं थम रही है। लाहुल स्पीति जिला की मयाड़ घाटी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। बादल फटने से आई बाढ़ में तीन पुल बह गए। नालों में आई बाढ़ से छह गांवों के लोग दहशत में आ गए।

लोगों ने घरों से भागकर जान बचाई। नाले के साथ वाले कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी भी प्रभावित हुई है। इस कारण संपर्क नहीं हो पा रहा है।

किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, जबकि फसलें व खेत भी बह गए हैं। प्रशासन राहत कार्य में जुट गया है। गत शाम लगभग सात बजे गुधर नाला, करपट नाला, चांगुट नाला, उदगोस नाला और तिंगरेट नाला में बादल फटा है। इस कारण करपट नाला, चांगुट नाला व उडगोस नाला में बने पुल बह गए।

मयाड़ नाले पर बना पुल बाढ़ में डूब गया

इसके अलावा मयाड़ घाटी में मयाड़ नाले पर बना बड़ा पुल भी पानी में डूब गया। बादल फटने से हुई तबाही के कारण आधा दर्जन गांव के लोग रात को सो नहीं पाए हैं। प्रशासन ने सुबह क्षेत्र में राहत कार्य शुरू कर दिया है व नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

राशन लेकर करपट गांव पहुंची प्रशासन की टीम

उपमंडल कार्यालय उदयपुर की टीम सहित लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। राजस्व विभाग और उपमंडल कार्यालय की एक टीम ग्रामीणों को राशन उपलब्ध करवाने के लिए करपट गांव पहुंची है। सड़कों और पुलों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बादल फटने से भारी नुकसान : उपायुक्त

उपायुक्त लाहुल स्पीति किरण भडाना ने बताया कि मयाड़ घाटी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि राहत कार्य जारी है और जिला प्रशासन सतर्क है। हालात पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *