उत्तराखंड में मानसून 10 जून के बाद दे सकता है राहत, ये है बड़ा अपडेट
राज्य में मानसून पहुंचने की तिथि 20 जून के आसपास मानी जाती है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते सतही स्तर पर नमी बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं को भरपूर नमी मिल रही है। जिस कारण बारिश की मात्रा में वृद्धि हो रही है। इन दिनों हो रही बारिश को प्री मानसून कहा जा सकता है। प्री मानसून की औपचारिक घोषणा होनी अभी बाकी है।
सेटलाइट व रडार के जरिये की जा रही निगरानी
निदेशक डा. बिक्रम सिंह ने बताया कि मौसम के लिहाज से राज्य के पर्वतीय क्षेत्र अधिक संवेदनशील होने के नाते मौसम विभाग ने अनेक तकनीक व सुविधाएं ईजाद कर ली हैं, जो बादल फटने, अतिवृष्टि व तूफान की पूर्व जानकारी समय रहते दे सकेगा।विभाग अत्याधुनिक तकनीक व सुविधाएं के जरिये मौसम की निगरानी कर रहा है। डाप्लर रडार व सैटलाइट के अलावा रोजाना मौसम का मॉडल तैयार कर मौसम का पूर्वानुमान जारी किया जा रहा है, जो एसएमएस के अलावा ऐप समेत अन्य संसाधनों के जरिए आमजन तक पहुंचाए जा रहे हैं। गंभीर मौसम की आशंका की चेतावनी समय रहते जारी कर दी जाएगी।
मौसम की विस्तृत जानकारी के लिए सचेत नामक ऐप बनाया गया है, जो मौसम की पल-पल की जानकारी दे सकेगा। राज्य भ्रमण पर आने वाले सैलानियों के लिए यह ऐप बेहद मददगार साबित होगा। जिसके आधार पर सैलानी आगामी सुरक्षित योजनाएं बना सकते हैं।
