सुबह से ही झमाझम बारिश, उत्तराखंड में मौसम बदलने से जन्नत सा दिखा नजारा, 7 जिलों में गरज के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट
केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में स्नोफाल
इसके अलावा सुबह से ही केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी खूब बर्फबारी हो रही है। जिससे नजारा एकदम स्वर्ग सा नजर आ रहा है। उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से बर्फबारी हो रही है। निचले हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं। जिससे दिन में ही रात का एहसास हो रहा है।
बद्रीनाथ में जमी बर्फ की चादर
आपको बता दें कि बद्रीनाथ में बीते दो दिनों से बर्फबारी हो रही है। ऐसे में बद्रीनाथ धाम में करीब छह इंच तक बर्फ जम गई है। बद्रीनाथ में मौसम बदलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
बीती रात से ही बदल गया था मौसम
गौरतलब हो कि मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान के बाद से 19 तारीख की रात से ही उत्तराखंड में मौसम बदल गया था। रात से ही बारिश शुरू हो गई थी। पूरी रात बारिश होने के बाद गुरुवार सुबह से ही लगातार बारिश का सिलसिला जारी है।
बारिश से व्यस्त हुआ जनजीवन
बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बच्चों को भी स्कूल आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून समेत आसपास के इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग की मानें ताे उत्तराखंड में अगले दो दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। वहीं कुछ दिनों में मौसम साफ हो सकता है।
