संसद सत्र में विपक्ष का जमकर हंगामा, रेणुका चौधरी ने दिया भाजपा पर बयान
समाजवादी और TMC ने किया प्रदर्शन से किनारा
वो लायक हैं तो चलाएंगे सदन- रेणुका चौधरी
वहीं, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भाजपा सरकार पर सदन नहीं चलाने का आरोप लगाया है। चौधरी ने कहा, हम सदन चलाने के लिए अपनी तरफ से हरसंभव प्रयास करते हैं क्योंकि जनता हमसे उम्मीद करती है कि हम यहां उनकी आवाज मजबूती से उठाएंगे।
संभल हिंसा को लेकर पूरे विपक्ष ने किया वॉकआउट
उत्तर प्रदेश के संभल में हाल ही में हुई हिंसा को लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित लगभग पूरे विपक्ष ने सदन से संक्षिप्त वाकआउट किया।
यादव को यह कहते हुए सुना गया, यह बहुत गंभीर मामला है। पांच लोगों की जान चली गई है।
जैसे ही अध्यक्ष ने कहा कि सदस्य इस मुद्दे को शून्यकाल में उठा सकते हैं, यादव और उनकी पार्टी के साथी विरोध में सदन से बाहर चले गए। इस बीच, कुछ सपा सदस्य नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच आ गए।
जब सपा सदस्य सदन के आसन के समीप आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब डीएमके सदस्य ए राजा को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी सदस्यों से अपनी सीटों से उठकर सपा के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह करते देखा गया।
एनसीपी और शिवसेना-यूबीटी ने किया सपा का समर्थन
समाजवादी पार्टी के सांसदों के समर्थन में एनसीपी और शिवसेना-यूबीटी के सदस्य खड़े हो गए।
कांग्रेस के कुछ सदस्य भी खड़े हो गए और सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी विरोध के समर्थन में सदन में आ गए।
जब विरोध प्रदर्शन चल रहा था, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए यादव से संपर्क किया।
कुछ देर बाद यादव को अपनी पार्टी के सांसदों को जाने का इशारा करते हुए देखा गया और गांधी समेत विपक्षी सदस्यों ने वॉकआउट कर दिया। इसके बाद सांसद चल रहे प्रश्नकाल में भाग लेने के लिए वापस आ गए।
राम गोपाल यादव ने लगाए गंभीर आरोप
राज्यसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने सदन में संभल हिंसा को लेकर अपना पक्ष रखा। इस दौरान यादव ने कहा कि 24 दिसंबर को सुबह 6 बजे पूरे संभल में पुलिस तैनात कर दी गई। संभल के लोगों को पता ही नहीं था कि पुलिस क्यों तैनात की जा रही है।
उन्होंने आगे कहा, कुछ देर बाद डीएम, एसएसपी, वकील और कुछ लोग पुलिस के साथ ढोल बजाते हुए मस्जिद में घुस गए। भीड़ को शक था कि वे मस्जिद में तोड़फोड़ करने जा रहे हैं।
एसडीएम ने पानी की टंकी खोली और जब पानी बाहर निकलने लगा तो लोगों को शक हुआ कि उसमें कुछ गड़बड़ है और फिर वहां अशांति फैल गई।
पुलिस ने गोलियां चलाईं, 5 लोग मारे गए, 20 लोग घायल हुए, सैकड़ों लोगों पर केस दर्ज किए गए और कई लोग जेल में हैं, जो पकड़े गए उन्हें बुरी तरह पीटा गया। मैं और कई अन्य लोग मानते हैं कि उत्तर प्रदेश में पहले जो चुनाव हुए थे, उसमें पड़ोसी जिलों की पुलिस ने किसी को वोट नहीं डालने दिया और जबरन चुनाव पर कब्जा कर लिया। यह सब एक तरह से उससे ध्यान हटाने के लिए हुआ।
