लोकसभा चुनाव 2024: सुबह 9 बजे तक 10 फीसदी मतदान, महाराष्ट्र में सबसे कम मतदान
नई दिल्ली। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण में 13 मई को 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोटिंग चल रही है। इस चरण में एक हजार 717 उम्मीदवार चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें पांच केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री, दो क्रिकेटर और एक अभिनेता भी शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 25 सीटों पर मतदान है। वहीं उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर वोटिंग है। इसी तरह तेलंगाना की 17, महाराष्ट्र की 11, एमपी की आठ, पश्चिम बंगाल की आठ, बिहार की पांच, झारखंड और ओडिशा की चार-चार व जम्मू कश्मीर की एक सीट पर मतदान है।
मतदान को लेकर क्या बोले अर्जुन मुंडा?
खूंटी, झारखंड। केंद्रीय मंत्री और खूंटी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा ने कहा, लोग सुबह-सुबह मतदान केंद्रों में पहुंच गए थे। पूरे क्षेत्र में ऐसा ही उत्साह का वातावरण है और लोग मतदान कर रहे हैं।
बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प
बंगाल के दुर्गापुर में मतदान के दौरान भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई।
फिल्म डायरेक्टर राजामौली ने डाला वोट, कही ये बात
हैदराबाद, तेलंगाना। फिल्म निर्देशक एस. एस. राजामौली ने मतदान किया। उन्होंने कहा, देश को दिखाओ कि आप जिम्मेदार हैं और हमें परवाह है। कृपया बाहर आएं और वोट करें।
चौथे चरण में सुबह 9 बजे तक देश में 10 फीसदी मतदान (प्रतिशत में)
आंध्रप्रदेश 9.05
उत्तर प्रदेश 11.67
ओडिशा 9.23
जम्मू कश्मीर 5.07
झारखंड 11.78
तेलंगाना 9.51
पश्चिम बंगाल 15.24
बिहार 10.18
मध्यप्रदेश 14.97
महाराष्ट्र 6.45
जम्मू में विशेष मतदान केंद्र स्थापित
बर्नई, जम्मू-कश्मीर: कश्मीरी प्रवासियों के लिए जम्मू में विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
बंगाल में टीएमसी कार्यकर्ता की बम फेंककर हत्या
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। बंगाल में बोलपुर के केतुग्राम में मतदान के पूर्व एक बोलपुर लोकसभा क्षेत्र के केतुग्राम इलाके में बम मारकर एक तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। इस घटना की वजह पार्टी की अंतर्कलह बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। मृतक की पहचान मेंटू शेख के रूप में हुई है। वह रविवार रात बाइक से घर लौट रहा था। उसी समय चेंचुरी गांव में बम मारकर उसकी हत्या हुई। पुलिस का कहना है मामले की जांच चल रही है। विधायक शेख शाहनवाज ने कहा कि वह हम लोगों का सक्रिय कार्यकर्ता था। राजनीतिक हिंसा में उसकी हत्या हुई है।
फारूख और उमर अब्दुल्ला ने डाला वोट
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: जेकेएनसी प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और जेकेएनसी उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला नेमतदान किया। वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगलियां दिखाई।
एमपी के सीएम मोहन यादव ने किया मतदान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में मतदान जारी
पुलवामा, जम्मू और कश्मीर: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के दौरान पुलवामा में लोग सरकारी हाई स्कूल बूथ नंबर 131 पर मतदान कर रहे हैं।
वोट डालने के बाद क्या बोले ओवैसी?
हैदराबाद: AIMIM अध्यक्ष और हैदराबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी ने वोट डालने के बाद कहा, मैं भारतीय राष्ट्रवाद का चेहरा हूं। मोदी सरकार ने आर्मी में अग्निवीर को योजना लागू की है। अगर मोदी सरकार में फिर से वापस आया तो BSF, CRPF, SSB, RPF में भी ऐसी ही योजना लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि 400 पार का नारा मोदी ने दिया, भारत के दलित और संविधान को प्यार करने वाले समझ गए कि 400 पार का मतलब है संविधान चला जाएगा।
राहुल गांधी की अपील ‘बड़ी संख्या में घरों से निकलकर मतदान करें’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ी संख्या में लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज चौथे चरण का मतदान है। आपके एक वोट से सिर्फ आपके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा ही नहीं होगी, बल्कि पूरे परिवार की तकदीर बदल जाएगी। इसलिए बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालिए।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की बड़ी संख्या में मतदान की अपील
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज लोकसभा चुनाव के चतुर्थ चरण में मतदान कर रहे समस्त मतदाताओं विशेषकर युवा साथियों से अत्यधिक संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं। लोकतंत्र में मतदान हमारा कर्तव्य और जिम्मेदारी है। आपका प्रत्येक वोट विकसित भारत के हमारे प्रमुख स्तंभ युवा, महिला, किसान व गरीब को सशक्त करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराएगा। नड्डा ने कहा कि राष्ट्र, समाज व संस्कृति की प्रगति व प्रतिष्ठा सुनिश्चित करने के लिए अवश्य मतदान करें।
गिरिराज सिंह ने किया मतदान
बेगूसराय से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लखीसराय के बड़हिया में मतदान किया।
सिकंदराबाद सीट से बीजेपी प्रत्याशी रेड्डी ने डाला वोट
सिकंदराबाद, हैदराबाद। केंद्रीय मंत्री व सिकंदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी ने वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा, आज मैंने अपने परिवार के साथ मतदान किया है। मैं सभी लोगों से ये ही अनुरोध करता हूं कि आज मतदान का दिन है। कुछ लोग मतदान के दिन को सिर्फ छुट्टी का दिन मानते हैं, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। वोट डालना हमारी जिम्मेदारी है। मैं सभी लोगों से प्रार्थना करता हूं जिस दिन भी आपके क्षेत्र में मतदान होगा, मतदान करें।
हैदराबाद में ओवैसी ने किया मतदान
हैदराबाद, तेलंगाना: AIMIM अध्यक्ष और हैदराबाद लोकसभा सीट से उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी ने मतदान किया।
बिहार में दरभंगा, बेगूसराय में लगी लंबी कतार
बिहार में वोटिंग जारी है। सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिल रही है। दरभंगा लोकसभा के गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र के पड़री पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 50 पर महिला मतदाताओं की कतार देखी जा सकती है। वहीं बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के तेघड़ा विधानसभा अंतर्गत बूथ संख्या 23, 24 और 25 पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई है।
अल्लू अर्जुन वोट डालने पहुंचे
हैदराबाद, तेलंगाना: अभिनेता अल्लू अर्जुन वोट डालने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, कृपया अपना वोट डालें। यह हम सभी के लिए बहुत जिम्मेदारी का दिन है। मुझे पता है कि यह कठिन है लेकिन आइए थोड़ा प्रयास करें। यह हमारे भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन है
वोट डालने के बाद क्या बोलीं माधवी लता
हैदराबाद, तेलंगाना। हैदराबाद लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता ने कहा, “मैं यही कहना चाहूंगी कि आपका एक कदम सिर्फ हैदराबाद और तेलंगाना को नहीं बल्कि देश को आगे लेकर जाएगा। इससे तेलंगाना का विकास तो होगा ही, साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को 5वीं से पहले नंबर पर ले जाएगा
पीएम मोदी ने की भारी संख्या में मतदान की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में आज 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। मुझे विश्वास है कि इन सभी सीटों पर लोग भारी संख्या में मतदान करेंगे, जिसमें युवा और महिला वोटर बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आइए, अपने कर्तव्य को निभाएं और लोकतंत्र को मजबूत करें!
वेंकैया नायडू ने किया मतदान
हैदराबाद, तेलंगाना: पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मतदान किया। वीडियो जुबली हिल्स पब्लिक स्कूल, बूथ नं. 150 से है।
हैदराबाद से बीजेपी उम्मीदवार माधवी लता ने डाला वोट
तेलंगाना: हैदराबाद से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता ने निर्वाचन क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। यहां उनका मुकाबला मौजूदा सांसद और एआईएमआईएम उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी और बीआरएस के गद्दाम श्रीनिवास यादव से है।
पीठासीन अधिकारी की मौत
मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 210 के पीठासीन पदाधिकारी ओंकार चौधरी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। स्वजन में कोहराम मच गया है। मुंगेर लोकसभा चुनाव को लेकर बूथ संख्या 210 मध्य विद्यालय चकासिम इब्राहिम शंकरपुर में ड्यूटी लगी थी। स्वजन में कोहराम मच गया है। मौत मॉक पोल से पहले हुई।
यूपी के वित्त मंत्री ने डाला वोट
शाहजहाँपुर (यूपी): यूपी के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपना वोट डाला। वीडियो डोरेमोन्स इंटरनेशनल स्कूल का है।
लोकसभा चुनाव 2024 के चौथे चरण के साथ-साथ आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हुआ। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सभी 175 सीटों और ओडिशा विधानसभा की 28 सीटों पर आज मतदान हो रहा है।
आंध्र और ओडिशा में सभी सीटों पर वोटिंग शुरू, विधानसभा के लिए
चौथे चरण के साथ-साथ आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए भी मतदान शुरू हो गया है। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सभी 175 सीटों और ओडिशा विधानसभा की 28 सीटों पर आज मतदान हो रहा है।
सिकंदराबाद से बीजेपी प्रत्याशी किशन रेड्डी मतदान के लिए पहुंच
सिकंदराबाद, हैदराबाद (तेलंगाना): लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्र दीक्षा मॉडल स्कूल, बरकतपुरा, मतदान बूथ संख्या 214 पर पहुंचे।
जी किशन रेड्डी मतदान केंद्र पर पहुंचे
केंद्रीय मंत्री और तेलंगाना के सिकंदराबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी अपना वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचे। उनका मुकाबला दानम नागेंदर और बीआरएस के थीगुल्ला पद्मा राव से है।
अधिकारियों ने वारंगल के एक बूथ पर मॉक पोलिंग की
तेलंगाना में मतदान अधिकारियों ने वारंगल लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर मॉक पोलिंग की। कांग्रेस ने यहां कादियाम काव्या को मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के अरूरी रमेश और बीआरएस के मारापल्ली सुधीर कुमार से है।
तेलंगाना में मतदान से पहले मॉक पोलिंग
तेलंगाना: मतदान अधिकारियों ने वारंगल लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर मॉक पोलिंग की। कांग्रेस ने यहां कादियाम काव्या को मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला बीजेपी के अरूरी रमेश और बीआरएस के मारापल्ली सुधीर कुमार से है।
जम्मू कश्मीर में चल रहा मॉक पोल
जम्मू (जम्मू-कश्मीर): लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान केंद्र संख्या 11 पर मॉक पोल चल रहा है।
बेगूसराय प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने वोटिंग से पहले की पूजा
बरहिया, लखीसराय (बिहार): केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने वोट डालने से पहले पूजा की।
तीन चरणों में 20 राज्यों की 283 सीटों पर हो चुका है मतदान
अब तक, आम चुनाव 2024 के तीसरे चरण तक, 20 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के 283 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। वोटों की गिनती 4 जून को होनी है।
झारखंड में मॉक पोल शुरू
खूंटी (झारखंड): लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान केंद्र खेलारी साही खरसावा प्राथमिक विद्यालय एवं बूथ संख्या 172 पर मॉक पोल शुरू हुआ।
कडप्पा के जयमहल आंगनवाड़ी मतदान केंद्र पर मतदान की तैयार
आंध्र प्रदेश के कडप्पा निर्वाचन क्षेत्र के जयमहल आंगनवाड़ी मतदान केंद्र संख्या 138 पर मतदान की तैयारी चल रही है।
राज्यों में सात बजे से पांच बजे तक मतदान होगा
इस दौरान तेलंगाना को छोड़कर सभी राज्यों में सात बजे से पांच बजे तक मतदान होगा, वहीं तेलंगाना में मतदान का समय बढ़ाकर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक कर दिया गया है। आयोग ने चौथे चरण की सभी सीटों पर पैनी नजर रखने के लिए 364 पर्यवेक्षकों की एक बड़ी टीम तैनात की है।
निर्वाचन आयोग ने सारी तैयारियों को फिर से परखा
निर्वाचन आयोग ने चौथे चरण के मतदान को लेकर रविवार को सारी तैयारियों को फिर से परखा। 1.92 लाख मतदान केंद्रों पर 19 लाख से अधिक मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। इस दौरान तीन राज्यों के कई मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों को हेलीकॉप्टर से भी भेजा गया है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान
इस चरण में आंध्र प्रदेश की सभी 175 विधानसभा सीटों और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों के लिए भी मतदान होगा।
उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 10 राज्यों में होगी वोटिंग
चौथे चरण की वोटिंग में केंद्रीय मंत्री गिरिराज व अर्जुन मुंडा, सपा मुखिया अखिलेश यादव, ओवैसी समेत 1717 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला।
चौथा चरण: 85 साल से अधिक आयु के 12.49 लाख मतदाता
चौथे चरण के लिए 85 वर्ष से अधिक उम्र के 12.49 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। इस चरण में 10 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के 96 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान है। इस चरण में 1717 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
चौथा चरण : 1717 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत दांव पर
चौथे चरण में 10 राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों के 96 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान है। इस चरण में 1717 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
