गांजा फूंकने और बेचने के आरोप में डॉक्टर मेडिकल छात्र समेत 10 लोग गिरफ्तार
मंगलूरु, भारतीय मूल के एक विदेशी नागरिक, डॉक्टर, एमबीबीएस और डेंटल छात्रों सहित 10 लोगों को गांजा फूंकने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार लोगों में महिलाएं भी शामिल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांजा फूंकने और बेचने के आरोप में पुलिस ने जिन 10 लोगों को गिरफ्तार किया है उसमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि दो डॉक्टर और विभिन्न राज्यों से ताल्लुक रखने वाले 3 कॉलेजों के 7 मेडिकल और डेंटल छात्र शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में मिले अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, उन्होंने पिछले सप्ताह भारतीय मूल के विदेशी नागरिक नील किशोरीलाल रामजी शा (38) को उनके फ्लैट में कथिततौर पर गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। वह पिछले 15 सालों से मंगलूरु में रह रहा है और एक डेंटल कॉलेज में चौथे वर्ष का छात्र है। पुलिस पूछताछ में नील ने गांजा फूंकने और बेचने के अवैध व्यापार में शामिल अन्य मेडिकल, डेंटल कॉलेज के छात्रों और डॉक्टरों के बारे में जानकारी दी।
गांजा और इलेक्ट्रॉनिक्स गैजेट्स हुआ जब्त
पुलिस ने नील से 50,000 रुपये मूल्य का दो किलो गांजा, दो मोबाइल फोन, एक खिलौना पिस्तौल, एक खंजर, 7,000 रुपये नकद, एक डिजिटल तराजू और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने अन्य लोगों को उनके हॉस्टल, पीजी और निजी आवासों से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से गांजा और 9 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
जांच में जुटे पुलिस अधिकारी
इस मामले की पुलिस अभी विस्तृत जांच कर रही है। इस जांच के माध्यम से पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या आरोपी सिंथेटिक ड्रग्स को बेच रहे थे और उसका सेवन भी कर रहे थे? बता दें कि आरोपियों को स्थानीय अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।
